रायबरेली-होली खेल रहे मासूम पर दबंगों का हमला,धारदार हथियार से मारकर किया घायल

रायबरेली-होली खेल रहे मासूम पर दबंगों का हमला,धारदार हथियार से  मारकर किया घायल

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824

रायबरेली। जिले में होली के त्योहार के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गोकलपुर गांव में घर के सामने होली खेल रहे 12 वर्षीय मासूम पर दबंगों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार गोकलपुर गांव निवासी सार्थक पुत्र सत्येंद्र मंगलवार को अपने घर के बाहर बच्चों के साथ होली खेल रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे तीन लोगों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से बच्चे पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है।
पीड़ित परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर हरचंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है। वहीं, होली जैसे त्योहार पर हुई इस घटना से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।