निर्माणाधीन इमारत में महिला श्रमिक से गैंगरेप, गर्भ गिरा
गोमतीनगर में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में राजमिस्त्री ने तीन साथियों के साथ गर्भवती श्रमिक से सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध पर आरोपियों ने जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसका गर्भ गिर गया।
पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि पुलिस ने मेडिकल परीक्षण को कहा तो महिला ने मना कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पीली कॉलोनी में रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आठ अक्तूबर को वह लेबर अड्डा गई थी। यहां मड़ियांव निवासी राजमिस्त्री अजय ने साथ काम पर चलने को कहा। एक बिल्डिंग में काम करने के बाद शाम करीब छह बजे छुट्टी के बाद अजय ने तीन साथियों के साथ वहीं उससे सामूहिक दुराचार किया। विरोध पर उसकी पिटाई कर धमकाया। महिला का आरोप है कि वह चार माह की गर्भवती थी, मगर दुष्कर्म करने से उसका गर्भ गिर गया।
कहां हुई घटना, बता नहीं सकी पीड़िता
गैंगरेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता से पुलिस ने घटनास्थल दिखाने को कहा। इस पर वह सही जगह नहीं बता पायी। सिर्फ यही कहती रही कि जिस बिल्डिंग में उसे काम के लिये ले जाया गया था, वहीं सामूहिक दुराचार किया गया। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान में विरोधाभास है। उसने मेडिकल कराने से मना कर दिया है। आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई होगी।