रायबरेली में प्रधानों की बैठक में पहुंचीं विधायक अदिति सिंह, विकास कार्यों में तेजी लाने पर दिया जोर
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- जिले के राही और अमावा विकासखंड के प्रधानों की बैठक में सदर विधायक अदिति सिंह शामिल हुईं। बैठक में ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विधायक अदिति सिंह ने प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के बाद उनकी जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए कहा कि गांवों के विकास कार्यों को और अधिक गति देने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी प्रधानों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि विकास, पारदर्शिता और जनसेवा ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।
बैठक में मौजूद प्रधानों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।
बैठक के दौरान प्रधानों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखने को मिला। ग्राम विकास के संकल्प और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।

rexpress 