रायबरेली में भीषण सड़क हादसा, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लिया संज्ञान
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
महिला की मौके पर मौत, एक दर्जन से अधिक घायल, कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रायबरेली-जिले में भीषण सड़क हादसे के बाद प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और फेसबुक के माध्यम से पोस्ट कर घायलों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक लालगंज कोतवाली क्षेत्र में एनएच-232 बांदा-टांडा मार्ग पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक के बाद एक दो कारों में जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि गलत दिशा से आ रही एक कार हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग बारात में शामिल होने जा रहे थे। दुर्घटना के बाद तीन लोग कार के अंदर बुरी तरह फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और राहत टीमों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में सहयोग किया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के निर्देश देते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने के लिए कहा है। भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

rexpress 