रायबरेली-माइनर में पानी न आने से सूख रही धान की फसल, किसानों ने आंदोलन का किया ऐलान
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली: हरचंदपुर थाना क्षेत्र के कठवारा-गुल्लुपुर माइनर में पानी न आने से धान की फसल सूखने लगी है। माइनर में सिल्ट और घास-फूस जमा होने के कारण पानी का प्रवाह पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे दर्जनों गांवों के हजारों किसान सिंचाई संकट से जूझ रहे हैं।
सिंचाई की समस्या से नाराज़ किसानों ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने सिंचाई विभाग को अल्टीमेटम देते हुए जल्द माइनर में पानी छोड़ने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पानी नहीं छोड़ा गया तो वे नहर पाटकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
किसानों का कहना है कि धान की रोपाई के बाद फसल को समय पर पानी नहीं मिल रहा है, जिससे फसल सूखने लगी है और भारी नुकसान की आशंका है। इससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों किसान प्रभावित हैं।
मामले पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन ने बताया कि कल से मशीन लगाकर कठवारा-गुल्लुपुर माइनर की सफाई शुरू कराई जाएगी। सिल्ट और घास-फूस हटाने के बाद पानी का प्रवाह बहाल किया जाएगा, ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके। वहीं किसानों ने साफ किया है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उनका आंदोलन जारी रहेगा।

rexpress 