रायबरेली:डीएम से बीडीसी सदस्यों ने बैठक निरस्त करने की मांग की,,,,

रायबरेली:डीएम से बीडीसी सदस्यों ने बैठक निरस्त करने की मांग की,,,,

-:विज्ञापन:-



ऊंचाहार , रायबरेली । मंगलवार को ऊंचाहार के करीब चार दर्जन क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर सोमवार को संपन्न हुई ऊंचाहार क्षेत्र पंचायत की बैठक को निरस्त करने की मांग की है। सदस्यों ने निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने और बड़ी संख्या में सदस्यों के न होने के बावजूद पारित किए गए प्रस्तावों को अलोकतांत्रिक बताया है।
     ज्ञात हो कि सोमवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक के दौरान काफी बवाल हुआ था। इस मामले में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र दिया है।जिसमें कहा गया है कि निर्धारित नियमों के अनुसार क्षेत्र पंचायत सदस्यों को बैठक की सूचना 15 दिन पूर्व दी जानी चाहिए, किंतु ऐसा नहीं किया गया ।जिसके कारण सदस्यों को बैठक की समय पर सूचना नहीं मिल सकी ।यही नहीं ब्लॉक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव का मामला उच्च न्यायालय में लंबित है, इसके बावजूद वह लगातार वित्तीय और प्रशासनिक कार्य को अंजाम दे रहे हैं। जबकि नियम के अनुसार उच्च न्यायालय द्वारा जब तक कोई व्यवस्था नहीं दी जाती ,तब तक उन्हें अधिकार से वंचित किया जाना चाहिए। सदस्यों ने सोमवार को संपन्न हुई बैठक को निरस्त करके पुनः बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। शिकायती पत्र देने वाले सदस्यों में अभिलाष चंद्र कौशल , गुड्डन यादव , राजेंद्र यादव , विजय बहादुर , आशीष पांडेय , संगीता जायसवाल , गजाधर , लाल बहादुर , मुकेश , राम मनोहर , अनामिका , सुनील कुमार , भोला , राजू , विजय कुमार , उमेश , इंद्रपाल , संजय आदि शामिल थे ।