रायबरेली-जर्जर सड़क से लोग परेशान, ग्रामीणों ने मरम्मत के लिए जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

रायबरेली-जर्जर सड़क से लोग परेशान, ग्रामीणों ने मरम्मत के लिए जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

-:विज्ञापन:-




रायबरेली। राही ब्लॉक के लाल गोपालपुर मजरे मेजरगंज गांव में मुख्य संपर्क मार्ग की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है। ज्ञापन में बताया गया है कि यह सड़क जिला पंचायत द्वारा निर्मित की गई थी, लेकिन अब यह अत्यंत जर्जर और खतरनाक स्थिति में है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष रूप से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लाल गोपालपुर निवासी कुलदीप सिंह पुत्र श्री राम कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। केवल आश्वासन देकर मामले को टाला जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराने, संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने और सड़क के पुनर्निर्माण हेतु तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निवेदन किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।