रायबरेली-अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि: मासूम बेटियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर निकाला गया कैंडल मार्च
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली। गौ रक्षा दल भारत संगठन, युवाओं एवं समाजसेवियों ने शुक्रवार को शहर में कैंडल मार्च निकालकर दो मासूम बेटियों—शिवानी सिंह और अंशु बघेल—को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। डिग्री कॉलेज चौराहे से शहीद चौक तक निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दोनों दिवंगत बेटियों को श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने रायबरेली के एक निजी अस्पताल में कथित इलाज में लापरवाही के कारण मासूम शिवानी सिंह की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। वहीं राजस्थान में 13 वर्षीय अंशु बघेल के साथ हुई कथित दरिंदगी और उसके बाद हुई मृत्यु को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि मासूम बच्चियों के साथ होने वाले जघन्य अपराध पूरे समाज को झकझोर देते हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
गौ रक्षा दल भारत संगठन के रोहित द्विवेदी ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में संगठन के पदाधिकारियों, युवाओं, समाजसेवियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर मासूम बेटियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

rexpress 