रायबरेली-नाली विवाद में खूनी संघर्ष, महिला गंभीर घायल; मारपीट का LIVE वीडियो वायरल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-भदोखर थाना क्षेत्र के सरायदामू गांव में नाली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिसका लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में घायल महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
पीड़ित पक्ष ने तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि घटना के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, जिससे परिजनों में नाराजगी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिवार के सदस्य पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 