रायबरेली-गांव-गांव पहुंच रही टीबी मुक्त भारत की मुहिम, संधिनागिन में दिखा जनसहभागिता का उत्साह

रायबरेली-गांव-गांव पहुंच रही टीबी मुक्त भारत की मुहिम, संधिनागिन में दिखा जनसहभागिता का उत्साह

-:विज्ञापन:-

 

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा के निर्देशन, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह के मार्गदर्शन एवं सीएचसी अमावा अधीक्षक डॉ. रोहित कटियार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के तहत विकासखंड अमावा के संधिनागिन गांव में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में भ्रमण कर लोगों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार एवं टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि समय पर जांच और उपचार से टीबी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है तथा अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा में ट्रूनेट जांच सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय स्तर पर ही शीघ्र एवं सटीक जांच संभव हो सकेगी।

कार्यक्रम में एम्स से आईं डॉ. हिमांशी शर्मा ने टीपीटी की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जोखिम वाले व्यक्तियों को निवारक उपचार देकर टीबी के संक्रमण और बीमारी की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है। वहीं वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक करुणा शंकर मिश्र ने सरकार द्वारा संचालित टीबी उन्मूलन अभियान, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तथा टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों से समय पर जांच कराने की अपील की।

इस अवसर पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर मौसमी एवं आशा कार्यकर्ता सीमा देवी ने भी ग्रामीणों को जागरूक करते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी संभावित टीबी मरीज जांच एवं उपचार से वंचित न रहे और जनसहभागिता के माध्यम से जिले को टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर किया जा सके। अभियान के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की।