रायबरेली प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन सम्पन्न
सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही सरकार: प्रभारी मंत्री
प्रबुद्ध वर्ग के सुझाव नीतियों को जनोन्मुखी बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण: राकेश सचान
रायबरेली- प्रभारी मंत्री जनपद/ मंत्री खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग उ०प्र० श्री राकेश सचान की गरिमामयी उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, उद्योगपतियों, व्यापारियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध जनो के साथ सीधा संवाद किया, जिसमें लघु उद्योग भारती से सुशील अग्रवाल, सुरेश गुप्ता, रेस्टोरेन्ट एसोसिएशन से गौरव, शिक्षा क्षेत्र से डॉ0 प्रीती तिवारी, अजय सिंह चंदेल, हरीशानन्द मिश्र, विधिक प्रबुद्ध वर्ग से अजय मौर्या, विनोद द्विवेदी, हरीश चन्द्र शर्मा व्यापार मण्डल से के0के0 गुप्ता, स्नेहलता त्रिवेदी, जीसी सिंह चौहान, अभिषेक पटेल, प्रभाकर गुप्ता आदि से संवाद स्थापित कर जनपद के समग्र एवं संतुलित विकास हेतु सार्थक सुझाव प्राप्त किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए जनसरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग समाज का पथप्रदर्शक होता है तथा उनके विचार एवं सुझाव शासन की नीतियों को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मंत्री ने जनपद के विकास के प्रमुख क्षेत्रों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं के कौशल विकास पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पहुंचाया जाए। संवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रबुद्ध जनों ने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। चर्चा के प्रमुख बिंदुओं में शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ता, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, रोजगार के अवसरों का सृजन तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। प्रभारी मंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्राप्त सुझावों का संकलन कर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के मध्य समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मंत्री को आश्वस्त किया कि कार्यक्रम में प्राप्त सभी सुझावों एवं निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रत्येक बिंदु पर समयबद्ध कार्यवाही करते हुए जनपद के विकास को नई दिशा प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों द्वारा जनपद के विकास में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ० रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजु लता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

rexpress 