रायबरेली-बिना रजिस्ट्रेशन के CMO ऑफिस से महज चंद कदमो की दूरी पर संचालित हो रहा था शाश्वत नर्सिंग होम
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली: 10 वर्षीय शिवानी की मौत, टॉन्सिल ऑपरेशन के बाद बिगड़ी थी तबीयत; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
रायबरेली-शहर के जेल रोड स्थित शाश्वत नर्सिंग होम में टॉन्सिल के ऑपरेशन के बाद गंभीर रूप से बीमार हुई 10 वर्षीय मासूम शिवानी की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। शिवानी कई दिनों से जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी। उसकी मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले शिवानी का शाश्वत नर्सिंग होम में टॉन्सिल का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के दौरान ही उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में लखनऊ रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने नर्सिंग होम प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चिकित्सकीय लापरवाही के कारण ही मासूम की जान गई। परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए शाश्वत नर्सिंग होम को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि यह नर्सिंग होम सीएमओ कार्यालय से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर संचालित हो रहा था।
वहीं अस्पताल को सील किए जाने के बाद चस्पा की गई नोटिस भी सवालों के घेरे में है। नोटिस पर विभाग की मुहर और संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं होने से कार्रवाई की पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहा है, जबकि परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। पूरे प्रकरण ने जिले में निजी नर्सिंग होमों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

rexpress 