रायबरेली: ग्राम विकास अधिकारी को बंधक बनाने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

रायबरेली: ग्राम विकास अधिकारी को बंधक बनाने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत बरुआ के पंचायत भवन में ग्राम विकास अधिकारी को बंधक बनाए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित, पवन, रिशू और वीरेंद्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पंचायत भवन में आयोजित खुली बैठक के दौरान राशन कार्ड कटने के मुद्दे को लेकर ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने ग्राम विकास अधिकारी अजय कुमार को घेर लिया और उन्हें बंधक बना लिया। घटना के दौरान अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की भी बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने ग्राम विकास अधिकारी को करीब एक घंटे तक पंचायत भवन में रोके रखा, जिससे सरकारी कार्य बाधित हुआ। मामले की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था।
घटना के संबंध में ग्राम विकास अधिकारी की तहरीर के आधार पर डीह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
यह पूरा मामला डीह थाना क्षेत्र के बरुआ पंचायत भवन का है, जहां राशन कार्ड कटने के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालने और उन्हें बंधक बनाने जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।