रायबरेली: 10 वर्षीय बच्ची की मौत मामले में बड़ा एक्शन, वांछित डॉ. अमित सिंह गिरफ्तार
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- शहर में 10 वर्षीय बच्ची की मौत के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी डॉ. अमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी शहर कोतवाली पुलिस ने की। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि बच्ची का ऑपरेशन शहर के शाश्वत नर्सिंग होम में किया गया था, जो बिना वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा था। ऑपरेशन के बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई थी और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही और अवैध रूप से नर्सिंग होम संचालित किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, धारा 238(ख) तथा मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा 15(3) भी जोड़ी गई।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर वांछित डॉ. अमित सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद जिले में बिना पंजीकरण संचालित निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम पर प्रशासन की सख्ती को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

rexpress 