रायबरेली: होमगार्ड भर्ती की रनिंग के दौरान बिगड़ी छात्राओं की हालत, दर्जनों अभ्यर्थी गिरीं
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली। शहर के पीएसी कैंपस में सोमवार को चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब रनिंग के दौरान अचानक दर्जनों महिला अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने के कारण कई छात्राएं दौड़ते समय मैदान में गिर पड़ीं।
बताया जा रहा है कि आज करीब 1050 महिला अभ्यर्थियों की रनिंग कराई जा रही है। इसी दौरान दौड़ते समय कई छात्राओं को चक्कर आने लगे और वे अचानक गिर गईं। हालत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें संभाला।
गंभीर हालत वाली छात्राओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाली कई अभ्यर्थी अमेठी, कानपुर और प्रतापगढ़ जनपद की रहने वाली बताई जा रही हैं।
घटना के बाद पीएसी कैंपस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के कारणों को लेकर स्वास्थ्य विभाग और भर्ती अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

rexpress 