रायबरेली:जिला महिला चिकित्सालय में गार्ड और तीमारदारों के बीच विवाद, वीडियो वायरल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के जिला महिला चिकित्सालय एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बार अस्पताल में तैनात एक गार्ड पर मरीज के परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि प्रसव के लिए भर्ती एक महिला को देखने पहुंचे परिजनों और गार्ड के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद मामला बढ़ गया।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में गार्ड और परिजनों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। परिजनों का आरोप है कि गार्ड ने उनसे अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अस्पताल में मिलने आए लोगों के साथ गलत व्यवहार किया।
वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं घटना को लेकर लोगों में चर्चा और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। प्रशासन द्वारा जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

rexpress 