कुत्ते से टकराई स्कूटी, शिक्षिका गंभीर रूप से घायल, कुत्ते की हुई मौत

कुत्ते से टकराई स्कूटी, शिक्षिका गंभीर रूप से घायल, कुत्ते की हुई मौत

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647

महराजगंज रायबरेली- कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके साथ बैठा बेटा मामूली रूप से घायल हो गया। हादसा बछरावां रोड पर सूरदास कूटी के पीछे स्थित त्रिमूर्ति फिलिंग स्टेशन के सामने उस समय हुआ, जब अचानक सड़क पर आए एक कुत्ते से स्कूटी टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिक्षिका अपने बेटे के साथ स्कूटी से कहीं जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक त्रिमूर्ति फिलिंग स्टेशन के सामने पहुंची, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। कुत्ते को बचाने का प्रयास करते हुए स्कूटी असंतुलित हो गई और कुत्ते से टकराकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में शिक्षिका के सिर में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। वहीं उनके बेटे को भी हल्की चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही त्रिमूर्ति फिलिंग स्टेशन के मैनेजर भूपेंद्र ने तत्काल एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल मां-बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। शिक्षिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बेटे का उपचार सीएचसी में ही किया गया।
हादसे में स्कूटी को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं स्कूटी की टक्कर लगने से कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार रात लगभग 9 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर आवारा पशु और कुत्ते अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं और कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।