रायबरेली-लेखपाल सतीश पर रिश्वत लेने का महिला ने लगाया आरोप, 40 हजार देने के बाद भी नहीं हुआ काम,जांच के आदेश
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
बाउंड्री कराने के नाम पर 40 हजार रुपये लेने का आरोप, काम न होने पर पीड़िता पहुंची सम्पूर्ण समाधान दिवस
रायबरेली-डलमऊ तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने लेखपाल पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जमीन पर बाउंड्री कराने के नाम पर लेखपाल सतीश ने उससे 50 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें उसने 40 हजार रुपये दे दिए, लेकिन इसके बावजूद उसका काम नहीं कराया गया डलमऊ तहसील क्षेत्र के मेलखा साहब गांव निवासी पीड़िता ने जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के समक्ष शिकायत करते हुए बताया कि लेखपाल सतीश ने उससे कहा था कि बाउंड्री का कार्य कराने के लिए कानूनगो और तहसीलदार को भी रुपये देने होंगे। महिला का आरोप है कि उसने 40 हजार रुपये दे दिए, लेकिन न तो उसका काम हुआ और न ही अब लेखपाल रुपये वापस कर रहा है।
पीड़िता ने बताया कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उसे सिर्फ आश्वासन मिलता रहा, जिससे परेशान होकर वह सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपनी शिकायत लेकर पहुंची। महिला ने प्रशासन से कार्रवाई करते हुए अपने रुपये वापस दिलाने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को महिला की मदद करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में सामने आए इस मामले के बाद राजस्व विभाग की कार्यशैली को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपों के संबंध में लेखपाल पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आ सकी थी।

rexpress 