रायबरेली: मछलियों की मौत की खबर से बौखलाए चौकी इंचार्ज! चौकी इंचार्ज का ऑडियो वायरल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- सरेनी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर कला गांव में मत्स्य पालन के तालाब में 30 कुंतल से अधिक मछलियों के मृत मिलने के मामले ने अब नया विवाद खड़ा कर दिया है। तालाब में जहरीला पदार्थ डालकर मछलियों को मारने के आरोपों के बीच अब भोजपुर चौकी इंचार्ज शैलेन्द्र सिंह का स्थानीय पत्रकार को कथित तौर पर धमकी देने वाला ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित हरिश्चंद्र ने आरोप लगाया था कि उनके मत्स्य पालन वाले तालाब में किसी ने जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे 30 कुंतल से अधिक मछलियां मर गईं और उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने गांव के युवक पिंटू निर्मल पर संदेह जताते हुए पहले चौकी में शिकायत की, लेकिन सुनवाई न होने पर सरेनी थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
इसी मामले की खबर प्रकाशित होने के बाद वायरल हुए कथित ऑडियो में भोजपुर चौकी इंचार्ज शैलेन्द्र सिंह स्थानीय पत्रकार से इस तरह की खबरें न चलाने की बात कहते हुए और अपनी आदत से बाज आने की चेतावनी देते हुए सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस विभाग की ओर से भी अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोगों और पत्रकारों ने तालाब में मछलियों की मौत के मामले के साथ-साथ वायरल ऑडियो की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

rexpress 