रायबरेली: एसपी रवि कुमार ने अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक

रायबरेली: एसपी रवि कुमार ने अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली-पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस कार्यालय स्थित किरण बहुउद्देशीय हॉल में जिले के सभी अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। सभी थाना प्रभारी लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करें और संगीन अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने यक्ष ऐप, त्रिनेत्र ऐप तथा आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हो सके।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग, पीआरवी की सक्रियता तथा बीट पुलिसिंग को मजबूत करने के आदेश दिए। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
एसपी रवि कुमार ने कहा कि जनता की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करे। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।