रायबरेली: झटका मशीन खोल रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने चोर समझकर पीटा, पुलिस ने हिरासत में लिया

रायबरेली: झटका मशीन खोल रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने चोर समझकर पीटा, पुलिस ने हिरासत में लिया

-:विज्ञापन:-

रायबरेली: जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के बीक चरुहार गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब झटका मशीन खोल रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया। शक के आधार पर ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक गांव में लगी झटका मशीन खोल रहे थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब न मिलने पर लोगों ने उन्हें चोर समझकर मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को शांत कराया और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की।
फिलहाल पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि वे वास्तव में झटका मशीन खोलने के लिए अधिकृत थे या किसी गलत इरादे से वहां पहुंचे थे। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविकता सामने आएगी। यदि किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत मिलती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।