रायबरेली में कजरी तीज की धूम, सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र के लिए रखा निर्जला व्रत

रायबरेली में कजरी तीज की धूम, सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र के लिए रखा निर्जला व्रत

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव 
मो - 8052996633

रायबरेली में आज कजरी तीज का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां मेहंदी लगवाने के लिए बाजार पहुंच रही हैं। चूड़ी, साड़ी, श्रृंगार और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ नजर आ रही है।
कजरी तीज के अवसर पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। वहीं, युवतियां भी अच्छे जीवनसाथी की कामना को लेकर व्रत रखती हैं। दिनभर व्रत के बाद महिलाएं विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं।
कजरी तीज का पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के प्रेम और वैवाहिक जीवन से जुड़ा माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी। इसी वजह से इस पर्व पर महिलाएं माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा कर अपने दांपत्य जीवन की खुशहाली की प्रार्थना करती हैं।
पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। महिलाएं 16 श्रृंगार कर पूजा की तैयारी कर रही हैं। वहीं, बाजारों में मेहंदी और श्रृंगार की दुकानों पर भी विशेष चहल-पहल दिखाई दे रही है।