रायबरेली: ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत का बड़ा खेल उजागर, रोक के बावजूद हुआ भुगतान
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के महराजगंज तहसील क्षेत्र स्थित अटरा गांव में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की कथित मिलीभगत से सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि तालाब की सुरक्षित भूमि पर बिना स्वीकृत कार्ययोजना के इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया और जांच के बाद भुगतान पर रोक लगाए जाने के बावजूद 2.28 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया।
ग्रामीणों की शिकायत पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) द्वारा मामले की जांच कराई गई थी। जांच के दौरान राजस्व अभिलेखों में अनियमितताएं मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद संबंधित निर्माण कार्य और भुगतान प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए। आरोप है कि पंचायत सचिव अजीत वर्मा और ग्राम प्रधान सुखनन्दन गौतम ने नियमों को दरकिनार कर निर्माण कार्य कराया तथा बाद में भुगतान भी जारी कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की भूमि पर निर्माण कार्य कर सरकारी नियमों का उल्लंघन किया गया है। मामले के उजागर होने के बाद गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान की मिलीभगत से सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। फिलहाल मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

rexpress 