रायबरेली तेज रफ्तार बाइक सांड से टकराई, युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
रायबरेली- जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के जनता बाजार में तेज रफ्तार बाइक आवारा सांड से टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना तेज था कि टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
घायल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल घायल का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने और उन्हें सड़कों से हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

rexpress 