रायबरेली: ट्रेन की बोगी में खून से लथपथ मिली लापता युवती, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
रायबरेली रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक ट्रेन की बोगी में खून से लथपथ हालत में एक युवती मिली। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल ट्रेन से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार घायल युवती की पहचान माही के रूप में हुई है, जो लखनऊ की रहने वाली बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक माही 4 अगस्त से लापता थी और उसकी तलाश की जा रही थी। युवती के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ ने युवती के परिजनों को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन भी रायबरेली के लिए रवाना हो गए। फिलहाल युवती की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
युवती ट्रेन की बोगी में घायल अवस्था में कैसे पहुंची और उसे चोटें किन परिस्थितियों में लगीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आरपीएफ और अन्य संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ ट्रेन और रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।

rexpress 