फूलपुर विधानसभा सीट पर सपा और कांग्रेस हुई आमने-सामने

उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर चुनावी माहौल बनना शुरु हो गया है। लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने यूपी में शानदार प्रदर्शन किया था। आगामी उपचुनाव में सबकी नजर इंडिया गठबंधन पर रहने वाली है।
हालांकि, अभी सीट बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन ने कोई भी फैसला नहीं लिया है लेकिन नेताओं ने सीटों पर दावेदारी ठोकना शुरु कर दिया है। सालों से कांग्रेस के पाले में आती रही फूलपुर को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच विवाद शुरु होने की आशंका जताई जा रही है। सपा प्रदेश अध्यक्ष शयामलाल पाल ने यह साफ कर दिया है कि फूलपुर से सपा ही चुनाव लड़ेगी। हालांकि, इससे पहले कांग्रेस ने फूलपुर पर अपना दावा ठोका था। बता दें, उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इस दौरान भाजपा और विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने मोर्चा संभाल रखा है।
सपा-कांग्रेस के बीच सीट को लेकर विवाद
लोकसभा चुनाव के बाद यूपी में मजबूत होता दिख रहा इंडिया गठबंधन के अंदरखाने बवाल मचा हुआ है। फूलपुर विधानसभा सीट को लेकर सपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। दरअसल, इस सीट पर 2022 विधानसभा चुनाव में सपा दूसरे नंबर पर रही थी और भाजपा के प्रवीण पटेल को जीत मिली थी। इस बात से सपा कार्यकर्ता आश्वस्त थे कि फूलपुर की सीट सपा के हिस्से में ही आएगी। लेकिन मामला तब बिगड़ गया जब कांग्रेस के संगठन मंत्री अनिल यादव फूलपुर पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि गठबंधन की ओर से इस सीट पर कांग्रेस दावा करेगी
इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि यह सीट कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है। ऐसे में शिर्ष नेतृत्व के आगे मजबूती के साथ पक्ष रखा जाएगा। हालांकि, रविवार को फूलपुर के दौरे पर आए सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने साफ कह दिया है कि उपचुनाव में सपा का ही उम्मीदवार होगा।
नाक का सवाल बना उपचुनाव
लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन होने के कारण यूपी भाजपा में उथलपुथल मची हुई है। 10 सीटों पर होने वाली विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा के सभी नेताओं ने कमर कस लिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद इस उपचुनाव की जिम्मेदारी संभाल रखी है। कई सीटों पर वो निजी रुप से ध्यान दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी भाजपा मंत्रियों को अलग-अलग विधानसभा दे रखा है। सभी मंत्री उन विधानसभा में जाकर दो-दो रात रुक कर लोगों से मिल रहे हैं। वहीं, सपा और कांग्रेस भी लगातार लोगों के बीच जाकर प्रचार में लगे हुए हैं।



