ऊंचाहार:ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने धनराज यादव को बनाया प्रदेश सचिव

ऊंचाहार:ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने धनराज यादव को बनाया प्रदेश सचिव

-:विज्ञापन:-





रिपोर्ट-सागर तिवारी


ऊँचाहार, रायबरेली। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतीराज व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जन समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन तक पहुँचाने के उद्देश्य से कार्यरत संस्था 'ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन, उत्तर प्रदेश' ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने रायबरेली जिले के ऊँचाहार देहात निवासी धनराज यादव को उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए प्रदेश सचिव के महत्वपूर्ण पद पर मनोनीत किया है।
जारी मनोनयन पत्र के अनुसार, धनराज यादव (पुत्र श्री राम कुमार यादव) की नियुक्ति संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी में की गई है। उनकी यह नियुक्ति 11 मार्च 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। संगठन को आशा है कि धनराज यादव पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज को बुलंद करने, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय और संगठनात्मक मजबूती प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने मनोनयन पत्र जारी करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और विश्वास व्यक्त किया है कि धनराज यादव के प्रेरणादायी नेतृत्व से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। इस नियुक्ति के बाद क्षेत्र के समर्थकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में खुशी की लहर है। धनराज यादव ने इस जिम्मेदारी के लिए संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह ग्रामीण समाज सेवा और पंचायत सशक्तिकरण के संकल्प को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाएंगे।