बहुचर्चित आदित्यकांड:गवाह को धमकाया मांगी रंगदारी

जिले के बहुचर्चित आदित्यकांड की महिला गवाह को मंगलवार रात अगवा करने का प्रयास किया गया। आरोपियों ने घर में घुसकर महिला को धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी।
गनीमत रही कि गोली घर के दरवाजे पर जाकर लगी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास, रंगदारी, अपहरण का प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी डी-फार्मा छात्र आदित्य प्रताप सिंह की नौ अक्तूबर 2019 को मिल एरिया थाना क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सोमू ढाबा के मालिक सुरेश यादव समेत 16 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।
सुरेश समेत 12 लोग इस समय जेल में है। वहीं चार आरोपी जमानत पर हैं। दिसंबर में आरोपी सुरेश यादव का ढाबा प्रशासन ने ढहा दिया था। आदित्य की बुआ राजकुमारी सिंह शहर के जानकीपुरम में रहती हैं। वह आदित्य हत्याकांड में गवाह हैं।
राजकुमारी ने सदर कोतवाली में दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि उसकी भतीजी रुचि सुरक्षा कर्मियों के साथ अपने घर सिकंदरपुर चली गई थी। बेटा अज्ञनेय प्रताप सिंह पड़ोस में ही अपने दोस्त के घर पर था।
मंगलवार रात वह घर पर अकेली थीं। तभी रात 10.50 पर कुछ लोगों ने घर पर धावा बोल दिया। बताया कि हमलावर सूूर्यभान रायफल व अभितेज कट्टा लिए था। दोनों ने असलहा कनपटी पर लगा दिया और धमकी दी कि यदि गवाही दी तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।
केस लड़ने के लिए पैसा दे रही हो। यह ठीक नहीं है। इन लोगों ने उससे 10 लाख की रंगदारी मांगी। पैसा देने से इंकार किया तो लात-घूंसे व बंदूक की बट से पीटा। इसके बाद उसै घर कै बाहर खड़ी कार में जबरन बैठा लिया। उसका बेटा पहुंचा तो उसे भी पीटा।
इस दौरान हमलावरों ने उस पर उसके बेटे पर फायरिंग की। गनीमत रही कि गोली दरवाजे पर जाकर लगी। सदर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के अशरफाबाद निवासी सूर्यभान सिंह, अभितेज व 10 हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सूर्यभान सिंह व अव्युक्त प्रताप को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गवाह को धमकाने के मामलै में महराजगंज क्षेत्र के अशरफाबाद निवासी सूर्यभान सिंह, मिल एरिया थाना क्षेत्र के कल्लू का पुरवा निवासी अव्युक्त प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।



