रायबरेली-ऊंचाहार में नहीं है पिंक शौचालय ,परेशान होती आधी आबादी

रायबरेली-ऊंचाहार में नहीं है पिंक शौचालय ,परेशान होती आधी आबादी

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-सागर तिवारी


ऊंचाहार , रायबरेली - नगर में प्रतिदिन सैंकड़ों की संख्या में नगर व ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं का आना-जाना होता है, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर पिंक टॉयलेट न होने से उन्हें परेशान होना पड़ता है।सरकार स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को सफाई के प्रति जागरुक कर रही है। इसके बाद भी आधी आबादी आज भी नगर में परेशान है। बाजार में उनके लिए पिंक टॉयलेट की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बाजार आने वाली महिलाओं को आवश्यकता होने पर घर की ओर रुख करना होता है। सबसे अधिक परेशानी तो ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली महिलाओं को होती है।
नगर व ग्रामीण क्षेत्र से सैंकड़ों की संख्या में महिलाएं और युवतियां खरीदारी करने के लिए नगर के बाजार में आती हैं। लेकिन इनके लिए बाजार में कहीं भी पिंक टॉयलेट की सुविधा नहीं है। इसके चलते उन्हें समस्या का सामना करना पड़ता है। नगर व ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में रेनू, मिथलेश, फरजाना, अर्चना व रानी आदि ने बताया कि नगर के सार्वजनिक स्थल पर पिंक टॉयलेट की सुविधा नहीं है। ऐसे में नगर पालिका को महिलाओं की समस्या पर ध्यान देना चाहिए और नगर में महिलाओं के पिंक टॉयलेट बनवाने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
नगर के फड़ मोहल्ला निवासिनी लक्ष्मी ने बताया कि नगर के मुख्य बाजार में प्रतिदिन सैंकड़ों की संख्या में महिलाओं का आना-जाना होता है। ऐसे में पिंक टॉयलेट की आवश्यकता है। नगर पंचायत को इस ओर ध्यान देना चाहिए। बस स्टेशन निवासिनी कुसुम सिंह  ने बताया कि बाजार में पिंक टॉयलेट न होने से महिलाओं को परेशान होना पड़ता है।  बाजार में किसी स्थान पर पिंक टॉयलेट की व्यवस्था करें तो महिलाओं को परेशान नहीं होना पड़ेगा।