रायबरेली नाली के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, चार घायल
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां, रायबरेली- थाना क्षेत्र के कुंदनगंज में बुधवार दोपहर नाली को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। जानकारी के अनुसार, कुंदनगंज निवासी पीर मोहम्मद उम्र 60 वर्ष पुत्र वाली मोहम्मद का पड़ोस के लोगों से नाली को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष से पीर मोहम्मद और उनके पुत्र शान मोहम्मद व शोयब घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से असीमा बानो (46) पत्नी साबिर अली को चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन घायलों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सभी का उपचार किया। मामले को लेकर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि नाली के विवाद में मारपीट की जानकारी मिली है। अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

rexpress 