UP के सिपाही ने मंगेतर के सामने खुद को गोली मारी, एक ही चौकी में तैनात थे दोनों. जानें मामला

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक सिपाही ने खुद को गोली मारकर जान देने का प्रयास किया। गलशहीद थाने की रोडवेज पुलिस चौकी में 25 साल के कपिल कुमार ने मंगलवार दोपहर दो बजे सर्विस राइफल से खुद को सिर में गोली मार ली।
मेरठ का रहने वाला है कपिल
पुलिस के मुताबिक कपिल मेरठ जिले के फलावदा थाना इलाके के गांव नागौरी का रहने वाला है। वह 2018 में पुलिस में भर्ती हुआ था। ढाई साल से उसकी तैनाती गलशहीद थाने में है। इसी थाने में सहारनपुर की रहने वाली महिला कॉन्स्टेबल तैनात है। जो 2021 में पुलिस में भर्ती हुई थी। दोनों की शादी तय हो चुकी है। 10 नवंबर को दोनों की सगाई होनी थी। मंगलवार को महिला कॉन्स्टेबल की नियुक्ति भी रोडवेज पुलिस चौकी में लगी थी।
दोपहर करीब दो बजे कपिल अपनी मंगेतर महिला कॉन्स्टेबल के पास पहुंचा। दोनों चौकी के अंदर बात कर रहे थे। कुछ पुलिसकर्मी बाहर खड़े थे। इसी दौरान कपिल ने अपने सिर से राइफल को सटाया और खुद को गोली मार ली। जिसके बाद चौकी में हड़कंप मच गया। साथी पुलिसवालों ने तुरंत मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी और घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन यहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया। जिसके बाद सिपाही को
जिले के कॉसमॉस अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
पुलिस कर रही जांच
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी सतपाल अंतिल और एसपी सिटी रणविजय सिंह ने मौके का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। सतपाल अंतिल ने बताया कि सिपाही की हालत गंभीर है। उसकी राइफल को जब्त कर लिया है। वहीं, मंगेतर से पूछताछ की जा रही है। सिपाही ने खुद को क्यों गोली मारी? इस बारे में अभी पता नहीं लग सका है।



