रायबरेली में मस्जिद के पास पटाखों के गोदाम में जोरदार विस्फोट, एक दर्जन से अधिक मकान क्षतिग्रस्त
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में शहर कोतवाली क्षेत्र के अहियारायपुर में मस्जिद के बगल स्थित एक मकान में रखे पटाखों में विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के एक दर्जन से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा। कई मकानों की दीवारें, खिड़कियां और दरवाजे टूट गए, जबकि मस्जिद की दीवार और छत में भी दरारें आने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस्ती के बीचोंबीच कथित तौर पर अवैध तरीके से पटाखों का गोदाम संचालित किया जा रहा था। विस्फोट की तेज आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि घनी आबादी के बीच पटाखों का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा था। बताया गया कि पुलिस की मौजूदगी में पटाखों के भंडार को वहां से हटाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और पटाखों का भंडारण वैध था या अवैध, इन बिंदुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही विस्फोट के कारणों और जिम्मेदार लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

rexpress 