रायबरेली में एक माह पहले बनी करोड़ों की सड़क धंसी, जांच में सीवर पाइपलाइन लीकेज आई सामने
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
रायबरेली- शहर के जेल रोड पर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित सड़क के बीचों-बीच धंस जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब एक माह पहले तैयार हुई सड़क अचानक धंस गई, जिससे बीच सड़क पर लगभग 12 फीट का गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि संबंधित विभाग के अधिकारी भी निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सड़क धंसने की वजह सीवर पाइपलाइन में लीकेज बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन से लगातार रिसाव होने के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत तकनीकी जांच अभी जारी है और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नई सड़क का इतने कम समय में धंस जाना गंभीर लापरवाही का संकेत है।
फिलहाल सुरक्षा के दृष्टिकोण से धंसे हुए हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। संबंधित विभाग ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और सीवर पाइपलाइन की समस्या को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया है। पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 