ऊंचाहार:विदेश भेजने के नाम पर युवक से ₹50 हजार की ठगी,,,,

ऊंचाहार:विदेश भेजने के नाम पर युवक से ₹50 हजार की ठगी,,,,

-:विज्ञापन:-



 रिपोर्ट-सागर तिवारी 



ऊंचाहार, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगों ने मदारिपुर गांव के एक युवक को अपनी बातों के जाल में फंसाकर ₹50 हजार ऐंठ लिए। पीड़ित युवक ने अब पुलिस की शरण लेकर न्याय की गुहार लगाई है।
मदारिपुर गांव के निवासी नरेंद्र कुमार ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि क्षेत्र के ही नंदी का पुरवा गांव के दो युवकों ने उसे विदेश में नौकरी दिलवाने और वहां भेजने का लालच दिया था। इसके बदले में उन्होंने नरेंद्र से ₹50 हजार की मांग की। नरेंद्र ने उनकी बातों पर भरोसा करते हुए ₹35 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर किए और ₹15 हजार नगद भुगतान के साथ अपने जरूरी कागजात भी उन्हें सौंप दिए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नरेंद्र को विदेश भेजने की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो उसे ठगी का अहसास हुआ। आरोप है कि जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो दोनों आरोपी उसे गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देने लगे। शनिवार की शाम नरेंद्र ने ऊंचाहार कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों को ऐसे फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की भी अपील की है।