रायबरेली 8 ग्राम सभाओं में महिलाओं और किशोरियों को दिया नेतृत्व क्षमता विकास का प्रशिक्षण

रायबरेली 8 ग्राम सभाओं में महिलाओं और किशोरियों को दिया नेतृत्व क्षमता विकास का प्रशिक्षण

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट - केशवानंद शुक्ला 
मो - 7309336397

रायबरेली- सबला द्वारा संचालित समर्थ परियोजना के अंतर्गत विकासखंड हरचंदपुर की 8 ग्राम सभाओं—लालूपुर, मुबारकपुर, कठवारा (पूरे नया), कासोखास, शोरा (पूरे कोरिन), टांडा, छतैया एवं गुल्लूपुर (पूरे हजिया)—में महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के लिए नेतृत्व क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, जागरूकता, जिम्मेदारी और नेतृत्व के गुणों का विकास करना रहा। प्रशिक्षण की शुरुआत सशक्तिकरण गीतों से की गई। परिचय सत्र में प्रतिभागियों से अपनी विशेषता बताने के लिए कहा गया। इस दौरान महिलाओं को अपने घरेलू कार्यों और क्षमताओं को महत्व देने तथा अपनी पहचान को समझने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान “नेता कौन होता है?” विषय पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि नेतृत्व केवल बड़े पद पर बैठे व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी लेने, सही निर्णय करने, दूसरों का मार्गदर्शन करने और सकारात्मक बदलाव की पहल करने वाला व्यक्ति भी नेता होता है। महिलाओं एवं किशोरियों में नेतृत्व के इन्हीं गुणों को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षणदाता बृजपाल जी, रंजना जी ने जानकारी बढ़ाने और जरूरत के समय स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सहायता करने के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं प्रशिक्षणदाता राजेंद्र कुमार जी, ज्योतिमा जी ने कहा कि नेतृत्व आत्मबल, सकारात्मक सोच और परिस्थितियों से आगे बढ़कर कुछ करने के प्रयास से विकसित होता है।
प्रशिक्षण को रोचक बनाने के लिए टावर गेम, नेता की कुर्सी सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों के सामने बालिका की शिक्षा रोकने, सड़क दुर्घटना, आग लगने तथा कम उम्र में विवाह जैसी परिस्थितियाँ रखकर उनसे समाधान के बारे में चर्चा की गई। इससे प्रतिभागियों में निर्णय लेने और समस्या का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के अंत में खेल एवं गतिविधि के माध्यम से प्रशिक्षण का मूल्यांकन और दोहराव कराया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को अपने जीवन में उपयोग करने की बात कही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समर्थ परियोजना की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।