रायबरेली-दरोगा सुभाष यादव पर थर्ड डिग्री देने का आरोप, युवक के दोनों हाथों ने काम करना किया बंद
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
टेकारी महल चोरी मामले में युवक ने पुलिस पर लगाया थर्ड डिग्री देने का आरोप,दोनों हाथों ने काम करना किया बंद
दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों पर पांच दिन तक प्रताड़ित करने का आरोप, जिला अस्पताल से एम्स रेफर
रायबरेली-टेकारी महल में लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। डीह थाना क्षेत्र के टेकारी दांदू गांव निवासी रविकेश ने पुलिसकर्मियों पर थाने में पांच दिनों तक थर्ड डिग्री देने और बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, पुलिस की कथित पिटाई के बाद उसके दोनों हाथों ने काम करना बंद कर दिया है। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से एम्स रेफर किया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि चोरी के मामले में पूछताछ के नाम पर रविकेश को थाने में रखकर प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि उसके नाखूनों को प्लास से दबाया गया और पट्टे से बेरहमी से पिटाई की गई। पीड़ित के शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी सामने आई है।
परिवार के मुताबिक, रविकेश की हालत बिगड़ने के बाद उसे पुलिस ने छोड़ दिया। इसके बाद उसकी तबीयत और हाथों की स्थिति को देखते हुए परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे एम्स रेफर कर दिया गया।
मामले में दरोगा सुभाष यादव और दो अन्य सिपाहियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। सोमवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई और मामले में कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल, पुलिस पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और संबंधित पुलिसकर्मियों का पक्ष सामने आना बाकी है। मामले में जांच और निष्पक्ष कार्रवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

rexpress 