ब्यूटी पॉर्लर में सज रही थी दुल्हन, बराती खा रहे थे खाना, तभी मचा ऐसा बवाल... खून से सन गए लोग, टूट गई शादी

ब्यूटी पॉर्लर में सज रही थी दुल्हन, बराती खा रहे थे खाना, तभी मचा ऐसा बवाल... खून से सन गए लोग, टूट गई शादी

-:विज्ञापन:-



फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र स्थित संतोषी गेस्ट हाउस में धूमधाम से बरात आई। दूल्हा घोड़े पर सवार होकर गेस्ट हाउस पहुंचा। बराती खाना खा रहे थे, तभी डीजे पर डांस करने के दौरान बवाल हो गया।

इस दौरान जमकर लाठी डंडे चले। झगड़े में दूल्हे का भांजा सिर में चोट लगने से गंभीर घायल हो गया। इसके साथ ही कई अन्य लोग भी दोनों पक्षों से घायल हो गए। सभी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं ये शादी भी टूट गई।


टूंडला से आई थी बरात
थाना मक्खनपुर क्षेत्र स्थित संतोषी गेस्ट हाउस में टूंडला के रहने वाले रामबाबू लोधी के बेटे अमन की बरात आई थी। यहां बैंड बाजों के साथ घुड़चढ़ी की रस्म हुई। इसके बाद बराती नाचते-गाते हुए गेस्ट हाउस पहुंच गए। कुछ बराती दावत खाने में व्यस्त हो गए, तो कुछ डीजे पर नाचने लगे। बताया गया है कि बरात में दूल्हे की ओर से आईं कुछ लड़कियां डीजे पर डांस कर रही थी। इसी दौरान दुल्हन पक्ष की ओर से किसी युवक ने डांस कर रही एक लड़की के हाथ में पैसे दिए। इसी बात पर विवाद हो गया।

दूल्हे के भांजे की हालत गंभीर
देखते ही देखते बराती और घराती आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले। इस दौरान दूल्हे के भांजे के सिर में किसी ने डंडा मार दिया, जिससे वो खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान कई अन्य लोग भी घायल हो गए। बरात में हुए बवाल की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल ही घायल युवक को उपचार के लिए ट्रोमा सेंटर भेजा। इस दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के 12 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले आई।

दुल्हन के बिना लौटी बरात
थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चलती रही, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के वापस लौट गया। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।