कमरे में अचेत मिले प्रेमी युगल, फैली सनसनी, प्रेमिका की मौत, पुलिस कर रही तफ्तीश

स्टेशन रोड़ स्थित एक लॉज में रविवार को एक युवक व युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया। इसमें युवती की मौत हो गई। वहीं, युवक की हालत गम्भीर बनी हुई है। पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
सूचना पर मौके पर एसपी ओमकार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट आशा राम वर्मा व सीओ सिटी श्यामकांत पहुंचे और जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच साक्ष्य जुटाए।
सदर कोतवाली निवासी जमील अहमद (30) पुत्र अबुल कलाम आजाद नेहा परवीन (29) पुत्री गयासुद्दीन खान निवासी आरटीआई चौकी मोहनपुरवा पीर ग़ाज़ीपुर के साथ प्रेम करता था। सूत्रों के अनुसार दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी। इससे लड़के के परिवार वाले नाराज थे। घर पर पत्नी को ले जाने पर घर वाले खदेड़ दे रहे थे।
इसके कारण वह तीन दिन से होटल में रह रहा था। दिन में दोपहर एक बजे के बाद मैनेजर के प्रयास के बाद भी दरवाजा न खुलने पर शंका हुई। उसने चौकी पर सूचना दी। इसकी खबर लगते ही मौके ओकडेनगंज चौकी प्रभारी ब्रजेश सिंह दल बल के साथ पहुंचे और शहर कोतवाल को फोन किया। खबर लगते ही लाज पर सिटी मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारी पहुंच गए।
दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में कोतवाल योगेन्द्र बहादुर सिंह ने जवानों के साथ दरवाजा तोड़वाया। दरवाजा तोड़ने पर अंदर युवक-युवती अचेत मिले। जमील अहमद अहमद ने कलाई की नस काट कर आत्महत्या का प्रयास किया था। वहीं, नेहा परवीन ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था। दोनों को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सक ने नेहा को मृत घोषित कर दिया और युवक की हालत गम्भीर देख भर्ती कर लिया।



