रक्षाबंधन पर बहनों को योगी सरकार की सौगात, तीन दिन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
रायबरेली- रक्षाबंधन के पर्व को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की बहनों को बड़ी सौगात दी है। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को तीन दिनों तक रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। रायबरेली में भी बहनों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
रायबरेली डिपो से अलग-अलग रूटों पर करीब 173 बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को निर्धारित अवधि के दौरान किराया नहीं देना होगा। शासन की ओर से दी गई इस सुविधा का उद्देश्य रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जाने वाली महिलाओं की यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाना है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज से 29 अगस्त तक बहनों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि महिला के साथ यात्रा करने वाले एक अटेंडेंट को भी निशुल्क बस सेवा का लाभ दिया जाएगा। इससे महिलाओं के साथ सफर करने वाले परिजनों को भी राहत मिलेगी।
रक्षाबंधन पर सरकार की इस पहल को लेकर महिलाओं में उत्साह दिखाई दे रहा है। बहनों ने योगी सरकार के इस फैसले की जमकर सराहना की। महिलाओं का कहना है कि मुफ्त बस यात्रा से त्योहार के दौरान घर पहुंचना आसान होगा और आर्थिक बोझ भी कम होगा। रोडवेज की ओर से यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बसों के संचालन और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

rexpress 