रायबरेली में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, ज्वेलर्स चोरी का खुलासा

रायबरेली में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, ज्वेलर्स चोरी का खुलासा

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव 
मो - 8052996633

रायबरेली में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कॉम्बिंग अभियान के दौरान तीन अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई मिल एरिया थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मिल एरिया थाना क्षेत्र के लोनियन का पुरवा के पास की। घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों का संबंध हाल ही में तकिया चौराहे पर स्थित पांच ज्वेलर्स की दुकानों में हुई बड़ी चोरी से है। चोरी की वारदात के दौरान बदमाशों के हाथों में असलहे दिखाई देने वाला सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से रायबरेली और अमेठी जनपद में हुई ज्वेलर्स चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है।
हालांकि, इस गिरोह का एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।