दूल्हे की बहनोई ने किया हंगामा दुल्हन ने शादी से किया इंकार बैरक लौटी वापस बारात

पुलिस के समक्ष दोनों पक्षों का लेनदेन हुआ है। वधू पक्ष ने दूल्हे के बहनोई पर नशे में बिचवानी पर कार चढ़ाने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।
कानपुर देहात के डेरापुर थाने के भड़ावल गांव निवासी ललित कुमार विश्वकर्मा का पुत्र संजय की बरात बुधवार रात ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे के जवाहर नगर मोहल्ले आई थी। यहां मुस्कान से संजय की शादी होनी थी। तिलक के बाद अगवानी हुई। जयमाल के समय घराती बारातियों को भोजन परोस रहे थे। दूल्हे की चचेरी बहन शालू खाने-पीने और नेग लेनदेन को लेकर विवाद करने लगी। शादी के मध्यस्थ जनपद कानपुर के साढ़ निवासी राजू शर्मा ने समझाने का प्रयास किया।
इस पर दूल्हे के ग्रेटर नोएडा निवासी बहनोई सत्यप्रकाश विश्वकर्मा ने मध्यस्थ राजू शर्मा को गाली गलौज कर कुर्सी उठाकर पीट दिया। कई कुर्सियां तोड़ डाली। मारपीट से शादी में अफरातफरी मच गई। दुल्हन पक्ष और दूल्हे पक्ष में तनातनी का माहौल हो गया। पक्षों के बुजुर्गों ने एक-दूसरे को समझाकर मामला शांत किया। किसी तरह जयमाल होने के बाद रात में अन्य वैवाहिक रस्म हुईं। करीब सुबह छह बजे भांवर पड़ने जा रही थी। दूल्हे के बहनोई ने दोबारा विवाद शुरू कर दिया और चार पहिया राजू शर्मा और उसकी बेटी पर चढ़ाने का प्रयास किया। इससे भगदड़ जैसा माहौल बन गया। दूल्हे पक्ष और उसके बहनोई के हरकतों से गुस्साई दुल्हन मुस्कान ने भांवर डालने के साथ शादी से ही इंकार कर दिया।



