रायबरेली-ग्राम स्वराज और जनसेवा के उत्कृष्ट कार्यों को मिला सम्मान, 18 राज्यों के 51 पंचायत प्रतिनिधि बने ‘पंचायत रत्न 2026’
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ग्रामीणसत्ता पंचायती राज संगठन की ओर से ‘पंचायत रत्न 2026’ सम्मान समारोह का आयोजन आजमगढ़ जिले के मीरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत बीनापारा में किया गया। समारोह का उद्देश्य ग्राम स्वराज, जनसेवा और उत्कृष्ट पंचायत नेतृत्व को प्रोत्साहित करना रहा।
राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देश के 18 राज्यों के 51 उत्कृष्ट पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत रत्न 2026 सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मंडल से एक पंचायत प्रतिनिधि शामिल रहा। असम, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, झारखंड, बिहार, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों के पंचायत प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग पटेल रहे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी आईएएस राकेश पटेल की विशिष्ट उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि ने सम्मानित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके कार्य अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत रत्न सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना का सम्मान है।
मुख्य विकास अधिकारी राकेश पटेल ने कहा कि ग्रामीण विकास तभी सार्थक है, जब सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक विवेक गंगवार, वरिष्ठ अधिवक्ता हाईकोर्ट लखनऊ विवेक सिंह, डॉ. दिलीप लोधी, सुरेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष भदोही अनिरुद्ध त्रिपाठी, पूर्व निदेशक समाज कल्याण जितेंद्र सिंह सहित कई पदाधिकारी और अतिथि मौजूद रहे।
ग्रामीणसत्ता पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चंद्र अवस्थी ने कहा कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को मजबूत, पारदर्शी और जनभागीदारी वाली पंचायतों के माध्यम से ही साकार किया जा सकता है। उन्होंने घोषणा की कि संगठन की ओर से प्रत्येक वर्ष गांधी जयंती के अवसर पर पंचायत सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश महासचिव अखिलेश यादव ने पंचायत प्रतिनिधियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों में जनविश्वास मजबूत करने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, सम्मानित पंचायत प्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया कर्मियों और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

rexpress 