रायबरेली: 20 हजार रुपये मांगने का आरोप, सैकड़ों लोगों ने भदोखर थाने का किया घेराव
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
कोर्ट मैरिज के बाद दोनों पक्षों में हुआ था आपसी समझौता, पुलिस पर कार्रवाई न करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप
रायबरेली- भदोखर थाना परिसर में उस समय हंगामा मच गया, जब सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामला एक बालिग युवक और युवती की कोर्ट मैरिज से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित के मुताबिक, कोर्ट मैरिज के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया था। इसके बावजूद पुलिस पर कार्रवाई न करने के एवज में 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने का दबाव बना रही है। इसी बात से नाराज दोनों पक्षों के बड़ी संख्या में लोग भदोखर थाने पहुंच गए और परिसर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित रूप से रुपये मांगने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। थाने में काफी देर तक हंगामे का माहौल बना रहा।
फिलहाल, पुलिस पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और मामले में पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है। आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

rexpress 