एम्स रायबरेली में ई-संजीवनी टेली-मानस सेवाओं के दो वर्ष पूर्ण, 4.46 लाख से अधिक मरीजों को मिला परामर्श

एम्स रायबरेली में ई-संजीवनी टेली-मानस सेवाओं के दो वर्ष पूर्ण, 4.46 लाख से अधिक मरीजों को मिला परामर्श

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली-अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली में ई-संजीवनी टेली-मानस सेवाओं के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूर्ण होने पर संस्थान ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस अवधि में कुल 4,46,201 मरीजों को परामर्श एवं चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की गईं।

संस्थान में इन डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श सुलभ कराने के उद्देश्य से की गई थी। प्रारंभ में 10 ओपीडी सेवाओं के साथ शुरू हुई सेवाओं का निरंतर विस्तार किया गया। वर्तमान में 12 सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी तथा 1 स्क्रीनिंग ओपीडी के माध्यम से मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

ई-संजीवनी और टेली-मानस जैसी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं ने विशेष रूप से दूरदराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों तक पहुंच को आसान बनाया है। इससे मरीजों को समय और संसाधनों की बचत के साथ अपने स्थान से ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। 2 वर्ष पूरे होने पर कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने स्वास्थ्यकर्मियों को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उप-निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, वित्तीय सलाहकार कर्नल यु एन राय, नोडल अधिकारी डॉ. सुयश सिंह, एएनएस रवि बिश्नोई सह संकाय सदस्य, नर्सिंग अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।  

एम्स रायबरेली इन सेवाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, समावेशी और जन-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्थान का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग से अधिक से अधिक लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।