रायबरेली-गदागंज में अवैध क्लीनिक-पैथोलॉजी पर कार्रवाई, तीन दिन में मांगे दस्तावेज

रायबरेली-गदागंज में अवैध क्लीनिक-पैथोलॉजी पर कार्रवाई, तीन दिन में मांगे दस्तावेज

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

बिना पंजीकरण चल रहे क्लीनिक-पैथोलॉजी सेंटरों पर छापा
तीन प्रतिष्ठानों को नोटिस, तीन दिन में दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश

रायबरेली- जिले में बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे क्लीनिक और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को गदागंज क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर तीन प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच के दौरान आवश्यक पंजीकरण के बिना संचालन पाए जाने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. ज्ञान प्रताप सिसौदिया ने डलमऊ नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह और गदागंज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में छापेमारी की। टीम ने लक्ष्य पैथोलॉजी, मेडिसिन पैथोलॉजी तथा विश्वनाथगंज स्थित ओम गंगा क्लीनिक का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जांच के दौरान तीनों प्रतिष्ठान बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित पाए गए। इस पर सीएचसी अधीक्षक ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में यदि संचालकों द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. ज्ञान प्रताप सिसौदिया ने बताया कि क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित होने वाले क्लीनिक, पैथोलॉजी सेंटर और मेडिकल स्टोरों की जांच आगे भी जारी रहेगी। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।