रायबरेली में तालाब में 30 कुंतल से अधिक मछलियां मृत मिलने से हड़कंप, जहरीला पदार्थ डालने का आरोप
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
रायबरेली- जिले के सरेनी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर कला गांव में मत्स्य पालन के लिए तैयार किए गए एक तालाब में 30 कुंतल से अधिक मछलियां मृत मिलने से हड़कंप मच गया। पीड़ित मत्स्य पालक ने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे लाखों रुपये की मछलियां मर गईं। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
पीड़ित हरिश्चंद्र ने बताया कि उन्होंने तालाब में बड़े पैमाने पर मत्स्य पालन किया था और मछलियां बिक्री के लिए तैयार थीं। सुबह जब वह तालाब पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में मछलियां पानी की सतह पर मृत अवस्था में तैरती मिलीं। उन्होंने दावा किया कि इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
हरिश्चंद्र ने गांव के ही युवक पिंटू निर्मल पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते तालाब में जहरीला पदार्थ डाला गया है। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत सरेनी थाने में देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तालाब में मछलियों की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। यदि जांच में जहरीला पदार्थ डालने की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना से मत्स्य पालन करने वाले किसानों में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

rexpress 