अस्पताल में युवती की मौत, पति शव छोड़कर भागा

अस्पताल में युवती की मौत, पति शव छोड़कर भागा

-:विज्ञापन:-

गोमतीनगर के उजरियांव में संदिग्ध हालात में शनिवार को मरियम (21) की मौत हो गई। पति लोहिया अस्पताल में शव छोड़कर भाग गया। डेढ़ वर्ष पहले उसका प्रेम विवाह हुआ था। पीड़िता की मां ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

गोमतीनगर के भीमनगर निवासी महरजहां के मुताबिक बेटी मरियम की शादी डेढ़ वर्ष पहले उजरियांव निवासी फरहान से हुई थी। फरहान पेशे से टेंपो चालक है। शादी के कुछ समय बाद ही मरियम का पति फरहान, ससुर अयाज अहमद, सास, ननद फिजा, रेशम, चाचा मुन्ने कार और मकान दिलवाने की मांग करने लगे। मांग पूरी न हो पाने पर बेटी को प्रताड़ित करते थे। शनिवार रात को बेटी के पड़ोसी द्वारा उसके लोहिया अस्पताल में भर्ती होने की बात पता चली। भागकर वह अस्पताल पहुंची तो बेटी की मौत हो चुकी थी। पर वहां ससुराल का कोई व्यक्ति नहीं था। इंस्पेक्टर गोमतीनगर के मुताबिक पति फरहान समेत अन्य ससुराल वालों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।