ऊंचाहार:एनटीपीसी की पाइपलाइन से चोरी करते हुए पिकअप चालक गिरफ्तार,डेढ़ लाख का माल बरामद,,,

ऊंचाहार:एनटीपीसी की पाइपलाइन से चोरी करते हुए पिकअप चालक गिरफ्तार,डेढ़ लाख का माल बरामद,,,

-:विज्ञापन:-




 रिपोर्ट-सागर तिवारी


ऊंचाहार , रायबरेली।  पुलिस ने एनटीपीसी की राख पाइपलाइन से लोहे के पाइप चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक पिकअप चालक को चोरी के सामान के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
       एनटीपीसी परियोजना से निकलने वाली राख को तीन पाइपलाइन के माध्यम से अरखा गांव स्थित ऐश पॉण्ड  तक ले जाया जाता है। ये पाइप पुराने होने के कारण वर्तमान में निष्प्रयोज्य हो चुके थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने गुरुवार की रात पाइपों को काटकर पिकअप पर लाद लिया और उन्हें बेचने की फिराक में थे।मुखबिर की सटीक सूचना पर सब इंस्पेक्टर सौरभ पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप चालक रमेश कुमार (निवासी पूरे गुर्जर, मजरे कंदरावां) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पिकअप से लोहे के 24 नग पाइप बरामद हुए, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग डेढ लाख रुपए बताई जा रही है।
पकड़े गए चालक ने पूछताछ में बताया कि मुगलपुर गांव निवासी उसके दो अन्य साथी भी इस चोरी में शामिल थे, जो पुलिस को देखते ही अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रमेश कुमार के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।