रायबरेली-इंदिरा नहर में बहते मिले तीन शव, क्षेत्र में फैली सनसनी, मचा हड़कंप

रायबरेली-इंदिरा नहर में बहते मिले तीन शव, क्षेत्र में फैली सनसनी, मचा हड़कंप

-:विज्ञापन:-

 


पुलिस ने तीनों शवो को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा एडिशनल एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच हाईवे के पास स्थित इंदिरा नहर में शुक्रवार सुबह दो पुरुषों व एक महिला के शव बहते हुए मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया। यह शव मलपुर गांव के पास बहते हुए पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार तीनों शव अर्धनग्न अवस्था में मिले हैं और काफी पुराने प्रतीत हो रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब दस दिन पुराने बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक पुरुष की आयु लगभग 50 वर्ष, दूसरे की करीब 40 वर्ष तथा महिला की आयु लगभग 35 वर्ष आंकी जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शवों की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है। घटना की सूचना मिलते ही बछरावां व शिवगढ़ थाने की पुलिस के साथ ही घटनास्थल पर एडिशनल एसपी आलोक कुमार सिंह भी पहुंचे। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।