रायबरेली-लूट की घटना कारित करने वाले अंतर्जनपदीय गैंग के 6 सदस्य पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

रायबरेली-लूट की घटना कारित करने वाले अंतर्जनपदीय गैंग के 6 सदस्य पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

-:विज्ञापन:-


रिपोर्ट:-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824


बछरावा/नसीराबाद रायबरेली। दिनांक 10 मार्च 2026 को थाना नसीराबाद क्षेत्र अंतर्गत हुई महिला से लूट की घटना के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 46/2026 धारा 309(4) बीएनएस व थाना भदोखर क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 24 फरवरी 2026 को महिला से चेन लूटे जाने के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 68/2026 धारा 304(2) बीएनएस एवं थाना बछरावां क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 20 मार्च 2026 की रात्रि को मोटरसाइकिल लूटने के संबंध में थाना बछरावां पर मुकदमा अपराध संख्या 136/2026 धारा 309(4) बीएनएस पंजीकृत किए गए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रायबरेली रवि कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली संजीव कुमार सिन्हा के पर्यवेक्षण में एसओजी/सर्विलांस एवं थाना पुलिस टीम गठित कर उक्त घटनाओं के अनावरण हेतु प्रयास किया जा रहे थे। इसी कड़ी में दिनांक 25 मार्च 2026 को थाना नसीराबाद एवं एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग व रात्रि गस्त की जा रही थी। तभी समय लगभग 2:10 बजे थाना नसीराबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चक कोडरा में इमरती कुआं के पास एक सफेद इको कार तथा R15 मोटरसाइकिल पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति जाते हुए दिखाई दिए, जिन्हें रोका गया तो इको कार मौके से फरार हो गई तथा R15 गाड़ी संख्या ( यूपी 32 आरडी 0902) मोटरसाइकिल वहीं गिर गई तथा मोटरसाइकिल पर सवार अभियुक्तगण सूरज पुत्र रामचंद्र निवासी मस्तीपुर थाना निगोहा जनपद लखनऊ तथा स्वयंवर उर्फ गोलू लोधी पुत्र राज नारायण निवासी उम्मेदखेड़ा थाना मौरावा जनपद उन्नाव ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया, पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षा में जवाबी कार्यवाही की गई। जिसमें सूरज उपरोक्त के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे पुलिस द्वारा उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नसीराबाद में भर्ती कराया गया तथा स्वयंवर उपरोक्त को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। मौके से फरार इको कार के संबंध में चेकिंग हेतु संबंधित थानों को अवगत कराया गया। थाना बछरावां क्षेत्र अंतर्गत थुलेडी के पास लिंक रोड पर नाकाबंदी कर इको गाड़ी को घेरघार कर रोका गया तो अभियुक्तों द्वारा पुलिस से अपने को घिरा देखकर पुलिस पर फायर किया गया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्यवाही में अभिनंदन पुत्र शिव मोहन निवासी मोहनखेड़ा मजरे सुगौली थाना मौरावा जनपद उन्नाव के बाए पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां भेजा गया तथा अंकित पुत्र शिवशंकर निवासी मस्तीपुर थाना निगोहा जनपद लखनऊ, पंकज उर्फ पिंटू यादव पुत्र रमेश निवासी मखदूम खेड़ा थाना मौरावा जनपद उन्नाव, मनीष कुमार पुत्र गंगासागर निवासी मखदूम खेड़ा थाना मौरावा जनपद उन्नाव को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों की निशान देही पर एक अदद अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की (थाना असोहा जनपद उन्नाव से संबंधित) तथा एक अदद अपाचे थाना भदोखर क्षेत्र अंतर्गत की गई लूट की घटना में प्रयुक्त बरामद हुए हैं। अभियुक्तगण उपरोक्त के विरुद्ध थाना बछरावां पर मुकदमा अपराध संख्या 139/2026 धारा 109(1)/3(5) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट अभियोग बनाम अभिनंदन, अनिकेत, पंकज, मनीष तथा नसीराबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 55/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 9/25/27 आर्म्स एक्ट बनाम सूरज एवं स्वयंवर उपरोक्त अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। अन्य वांछित अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जाएगी। उक्त अभियुक्तों का एक संगठित गैंग है जो आसपास के जनपद में घूम फिर कर रेकी करते हैं तथा बाइक चोरी, छिनैती व रास्ते में सुनसान जगह पर आने-जाने वाली महिलाओं से चेन लूट लेने जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनका अपराध करने का तरीका यही है। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तगणों द्वारा बताया गया कि दिनांक 24 फरवरी 2026 को अनिकेत, अभिनंदन व सूरज द्वारा थाना भदोखर क्षेत्र अंतर्गत एक महिला से चेन लूटी गई थी। वहीं दिनांक 10 मार्च 2026 को स्वयंवर उर्फ गोलू तथा सूरज द्वारा थाना नसीराबाद क्षेत्र अंतर्गत एक महिला से चेन लूटी गई। दिनांक 16 मार्च 2026 को अभिनंदन, सूरज, ,स्वयंवर उर्फ गोलू व एक अन्य साथी द्वारा थाना शिवगढ़ क्षेत्र अंतर्गत एक घर से सात बकरी चोरी की गई थी। वहीं दिनांक 20 मार्च 2026 को अभिनंदन द्वारा अपने अन्य साथी पप्पू व सोनू पुत्रगण अज्ञात निवासी अज्ञात के साथ थाना बछरावां क्षेत्र अंतर्गत बाइक लूट ली गई थी। सभी अभियुक्तगणों द्वारा बताया गया कि हम लोगों से जो रुपए बरामद हुए हैं वह चोरी व लूट का सामान को बेचने से प्राप्त रुपए हैं तथा दो मोटरसाइकिल बरामद हुई है, उसमें से एक बाइक जनपद उन्नाव थाना असोहा से चोरी की गई थी। साथ ही अभियुक्तगणों द्वारा यह भी बताया गया कि उनके द्वारा शिवगढ़ व आसपास के थाना क्षेत्र अंतर्गत भी एक दो बार घटना करने का प्रयास किया गया। पुलिस की मौजूदगी व गस्त के कारण घटना करने में वह असफल रहे। गिरफ्तार अभियुक्त अभिनंदन, अनिकेत, सूरज व स्वयंवर उर्फ गोलू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इन अभियुक्तों के विरुद्ध जनपद के कई थानों समेत अन्य जनपदों में भी विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत हैं। उक्त अभियुक्त गणों के पास से बरामदगी के दौरान दो अदद अवैध तमंचा 315 बोर, दो अदद जिंदा कारतूस व चार अदद खोखा कारतूस 315 बोर, 25190 रुपए (मुकदमा अपराध संख्या 46/2026 धारा 309(4) बीएनएस से संबंधित), 19400 रुपए (मुकदमा अपराध संख्या 68/2026 धारा 304(2) बीएनएस से संबंधित), 3000 रुपए (मुकदमा अपराध संख्या 79/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित), एक अदद अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की (थाना असोहा जनपद उन्नाव से संबंधित), एक अदद अपाचे मोटरसाइकिल थाना भदोखर क्षेत्र अंतर्गत लूट की घटना में प्रयुक्त, एक अदद मोटरसाइकिल R15 (गाड़ी संख्या यूपी 32 आरडी 0902), एक अदद ईको कार (गाड़ी संख्या UP32 QS9684 सीज अंतर्गत धारा-207 एम०वी० एक्ट) बरामद हुई है। अभियुक्त गणों को गिरफ्तार करने में थाना नसीराबाद, थाना बछरावां व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम की महती भूमिका रही।